मेरठ में सामूहिक दुष्कर्म पीड़िता पिछले कई महीनों से दोषियों को सजा दिलाने के लिए बहसूमा थाने के चक्कर काट रही है। आरोप है कि महिला आयोग से शिकायत करने के बाद भी आरोपी गिरफ्तार नहीं हुए। वहीं इस मामले में एक विधायक पर दोषियों को बचाने का आरोप लगा है। पीड़ित छात्रा ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी से इच्छा मृत्यु की मांग की है।
बहसूमा क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली छात्रा को करीब 10 माह पूर्व अगवा किया गया। इस दौरान उसे बंधक बनाकर रखा गया। कई लोगों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़ित परिवार बेटी को बरामद कराने की थाने में गुहार लगाता रहा, लेकिन मदद नहीं मिली। दो माह पूर्व छात्रा किसी तरह दबंगों के चंगुल से छूटकर परिजनों तक पहुंची।
वहीं शुक्रवार को परिजन पीड़िता को लेकर थाने पहुंचे और आरोपियों की लिखित शिकायत की। काफी मशक्कत के बाद पीड़िता का मुकदमा दर्ज किया गया। कोर्ट में 164 के बयान भी दर्ज हो गए, लेकिन पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर रही। पीड़ित परिवार थाने के चक्कर काट- काटकर थक चुका है।